रायपुर 15 फरवरी 2026(आरएनएस) महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के @ DCP मध्य जोन द्वारा विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इसी बीच थाना सिविल लाइन की एएसआई मीना यादव अपनी सक्रियता और कर्तव्यनिष्ठा के चलते लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहीं। भारी भीड़ के बावजूद उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एएसआई यादव श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने में लगातार जुटी रहीं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वे पूरी सतर्कता के साथ मौके पर तैनात नजर आईं।
त्योहार के दौरान जहां एक ओर भक्त भगवान शिव की आराधना में लीन दिखे, वहीं दूसरी ओर महिला पुलिस अधिकारी की मुस्तैदी ने यह संदेश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस पूरी तरह सजग है। स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की।
महाशिवरात्रि जैसे बड़े पर्व पर महिला पुलिस अधिकारी का यह समर्पण न सिर्फ कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की भी एक मजबूत तस्वीर पेश करता है।


















