महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर, अभिषेक नामा के डायरेक्शन में बनी माइथो-एक्शन फिल्म नागबंधम का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म में विराट कर्णा लीड रोल में हैं। प्रोड्यूसर किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने इस फिल्म को एक बहुत बड़े स्केल पर तैयार किया है, जिसमें वर्ल्ड-क्लास प्रोडक्शन वैल्यू साफ़ नजऱ आ रही है।
फैंस की एक्साइटमेंट तब सातवें आसमान पर पहुंच गई जब सुपरस्टार महेश बाबू ने खुद इस टीजऱ को लॉन्च किया, जिससे पूरे देश में इस फिल्म को लेकर चर्चा तेज़ हो गई है। हिमालय की रहस्यमयी वादियों के बैकड्रॉप पर सेट यह टीजऱ एक ऐसी दुनिया का दरवाज़ा खोलता है, जहां समय से भी पुराना एक गहरा राज़ दफन है। जब एक इंसान का लालच इस ब्रह्मांडीय सच को उजागर करने की कोशिश करता है, तब नियति खुद अपने योद्धा को चुनती है।
नागबंधम की कहानी अब्दाली के ऐतिहासिक अफगान आक्रमण से प्रेरित है, जिसमें माइथोलॉजी, इतिहास और आध्यात्मिक युद्ध का अनोखा मेल देखने को मिलता है। यह लड़ाई सांस्कृतिक विरोध और दैवीय सुरक्षा के बीच के टकराव को दिखाती है।
इस महागाथा के केंद्र में है पवित्र नागबंधम मंदिर, एक ऐसा गुप्त मंदिर जिसकी रक्षा दिव्य शक्तियां कर रही हैं और माना जाता है कि यहां ब्रह्मांड की एक प्राचीन शक्ति सुरक्षित है। हिमालय के छिपे हुए रास्तों के बीच स्थित इस मंदिर में इतनी अपार शक्ति है कि अगर यह गलत हाथों में पड़ गई, तो अकल्पनीय तबाही आ सकती है।
ब्रह्मा की रचना से जन्मा… विष्णु के धर्म से सुरक्षित… महादेव के क्रोध से शक्ति प्राप्त…, यह दमदार लाइन नागाबंधम की आत्मा को बखूबी बयां करती है। यह एक ऐसी गाथा है जहाँ दिव्यता, नियति और विनाश का आमना-सामना होता है। डायरेक्टर अभिषेक नामा की बड़ी सोच और साफ़ विजऩ इस टीजऱ में साफ़ झलकती है। उन्होंने जिस तरह से माइथोलॉजी, एक्शन और आध्यात्म को बेहतरीन टेक्निकल काम के साथ जोड़ा है, वो इस फिल्म को एक अलग ही लेवल पर ले जाता है।
हैरानी की बात यह है कि बिना एक भी डायलॉग के, यह टीजऱ अपनी विजुअल पावर और शानदार कहानी कहने के अंदाज़ से दर्शकों को बांधे रखने में कामयाब रहा है। पहले ही फ्रेम से नागबंधम एक भव्य विजुअल एपिक होने का अहसास कराती है। सिनेमैटोग्राफर सुंदर राजन एस ने कमाल की बारीकी के साथ दिल दहला देने वाले नज़ारों को कैमरे में कैद किया है, वहीं हाई-एंड वीएफएक्स फिल्म के स्केल को और भी बड़ा बना देते हैं।
विजुअल्स के साथ-साथ अशोक कुमार का शानदार प्रोडक्शन डिज़ाइन, जुनैद कुमार का रोंगटे खड़े कर देने वाला बैकग्राउंड स्कोर और आरसी प्रणव की जबरदस्त एडिटिंग दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाती है, जहां भक्ति युद्ध बन जाती है और आस्था गुस्से में बदल जाती है।
प्रोड्यूसर्स की यह पहली फिल्म होने के बावजूद, उनका काम करने का अंदाज़ काफी मज़बूत दिख रहा है। उन्होंने डायरेक्टर अभिषेक नामा के बड़े विजऩ को पूरा सपोर्ट किया है। भारी-भरकम सेट्स लगाने से लेकर वीएफएक्स और हर टेक्निकल बारीकी पर जिस तरह ध्यान दिया गया है, उससे साफ़ है कि यह फिल्म इंडियन सिनेमा के लिए एक नया बेंचमार्क सेट करने वाली है।
कहानी के हीरो विराट कर्णा एक बहुत ही दमदार और बदले हुए अवतार में नजऱ आ रहे हैं। टीजऱ में मगरमच्छ के साथ उनकी लड़ाई के अलावा, भगवान शिव के रूप में उनकी एंट्री सबसे बड़ी हाईलाइट है। शिव जी का किरदार निभाना आसान नहीं होता, लेकिन विराट ने इसे पूरी शिद्दत से निभाया है। उनकी इंटेंसिटी और गजब का फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन इशारा करता है कि यह उनके करियर की सबसे यादगार परफॉरमेंस होने वाली है।
फिल्म में नभा नतेश, ईश्वर्या मेनन, महेश मांजरेकर, जगपति बाबू, ऋषभ साहनी, गरुड़ राम, जयप्रकाश, मुरली शर्मा, अनसूया भारद्वाज और बी.एस. अविनाश जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजऱ आएंगे। नागबंधम 2026 की सबसे ज़्यादा इंतज़ार की जाने वाली पैन-इंडिया फिल्मों में शुमार हो गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















