नईदिल्ली,16 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 26वें मुकाबले में यूएसए क्रिकेट टीम ने नामीबिया क्रिकेट टीम को 31 रन से हरा दिया। इस विश्व कप में यूएसए की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उसने नीदरलैंड क्रिकेट टीम को हराया था। भारत और पाकिस्तान के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, नामीबिया लगातार तीसरा मुकाबला हारी है। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
यूएसए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के कप्तान मोनांक पटेल (52) और संजय कृष्णमूर्ति (68) ने शानदार पारियां खेलीं। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 199/4 का बड़ा स्कोर बनाया। जवाब में नामीबिया के लिए लौरेन स्टीनकैंप ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए। उन्हें छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नामीबिया 168/6 का स्कोर ही बना पाई। शैडली वान शाल्कविक ने फिर शानदार गेंदबाजी की और 2 विकेट लिए।
मोनांक सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरे थे। उन्होंने 30 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 173.33 की रही। उन्होंने पहले विकेट के लिए शायन जहांगीर के साथ मिलकर 41 गेंदों में 68 रन की साझेदारी निभाई। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी ने 6 मुकाबले खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 26.16 की औसत से 157 रन बनाए हैं।
अपनी पारी के दौरान मोनांक यूएसए के लिए 1,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने अब तक 47 मुकाबले खेले हैं और इसकी 40 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 27.32 की औसत से 1,011 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 7 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन रहा है। मोनांक के बाद यूएसए के लिए सबसे ज्यादा रन स्टीवन टेलर (822) ने बनाए हैं।
संजय ने 33 गेंदों का सामना किया और 68* रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 206.06 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने अब तक 13 मुकाबले खेले हैं और इसकी 9 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 32.66 की औसत से 196 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 143.06 की रही है।
स्टीनकैंप ने पारी का 5वां ओवर करने आए अली खान की जमकर खबर ली। उन्होंने उस ओवर में 2 चौके और एक छक्का लगाते हुए अच्छी फॉर्म के संकेत दिए। एमए चिदंबरम स्टेडियम में नामीबिया के इस सलामी बल्लेबाज ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 39 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 बेहतरीन छक्के भी लगाए। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक रहा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















