नई दिल्ली 16 Feb, (Rns) । संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने साफ कहा कि संसद में स्थिति को सामान्य करने के लिए सरकार कांग्रेस को मनाने का कोई अतिरिक्त कदम नहीं उठाने जा रही है। उन्होंने सदन के सही संचालन के लिए ”कई प्रयास” किए हैं, लेकिन सभी व्यर्थ रहे।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संसद के सुचारू संचालन में रुचि नहीं रखते और कुछ एनजीओ ने उन्हें सिखाया है कि ”अच्छे दिन” उनके पार्टी के लिए आएंगे, इसी कारण वह सदन को रोक रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को एक साक्षात्कार में कहा, ”राहुल गांधी सदन चलाने में रुचि नहीं रखते। वह मुद्दे बनाने में रुचि रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि संसद में छोटे दलों का कांग्रेस पर दबाव है कि वे सदन को नहीं रोकें क्योंकि इससे उन्हें बोलने का समय खोना पड़ता है। सभी विपक्षी दल कांग्रेस के साथ नहीं है।


















