रुद्रपुर,16 फरवरी (आरएनएस)। मेयर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाएं रुद्रपुर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देंगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित भव्य शिव कॉरिडोर सहित पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं शहर को आस्था, पर्यटन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी। सोमवार को मेयर ने प्रस्तावित शिव कॉरिडोर में शामिल नीलकंठ धाम में रुद्राभिषेक किया। इसके बाद नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे और नगर निगम टीम के साथ नीलकंठ धाम, शिव मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर व गुरुचांद मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना पर चर्चा की। इसके बाद पत्रकार वार्ता में मेयर ने बताया कि गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मानसखंड कॉरिडोर के तहत गंगापुर रोड स्थित नीलकंठ धाम, गोल्ज्यू मंदिर और शिव मंदिर को जोडऩे की घोषणा की है। इन मंदिरों को त्रिभुजाकार स्वरूप में विकसित कर 51 फुट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और अलग मार्ग का निर्माण होगा। मेयर ने कहा कि नीलकंठ धाम की भूमि को लेकर लगाए गए आरोप निराधार साबित हुए हैं। हाल ही में छह एकड़ भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है, जहां शिव कॉरिडोर साकार होगा। यह परियोजना रुद्रपुर को प्रदेश में आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी और पर्यटन को बढ़ावा देगी। उन्होंने बताया कि खेड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त भूमि पर पर्यावरण मित्रों के लिए आधुनिक आवास बनाए जाएंगे। भूरारानी रोड व गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक मिनी बाईपास, किच्छा रोड पर बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नगर निगम भवन पुनर्निर्माण, 52 वार्डों में विकास कार्य, आठ आरोग्य मंदिर, बजाज सखी स्किल सेंटर, निगम बाजार, गौशाला, स्वच्छता वाहन, स्ट्रीट लाइट, वेंडिंग जोन, फ्रेश वेस्ट प्लांट, देवभूमि रजत जयंती पार्क, ओपन जिम, घंटाघर चौक व आंबेडकर पार्क सौंदर्यीकरण सहित 100.03 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है। पत्रकार वार्ता में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, महंत प्रकाश जी, शिव कुमार राय, पार्षद सुशील चौहान, चिराग कालरा, हरि अधिकारी और एमपी मौर्य उपस्थित रहे। डीडी चौक बनेगा डमरू चौक, 24 लाख रुपये होंगे खर्च मेयर विकास शर्मा ने बताया कि त्रिशूल चौक की स्थापना के बाद अब डीडी चौक को 24 लाख रुपये की लागत से डमरू चौक के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास के साथ कार्य प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण और धार्मिक पहचान को सशक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

