नईदिल्ली,17 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 29वें मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर विल जैक्स ने इटली क्रिकेट टीम के खिलाफ जोरदार अर्धशतक (53*) लगाया। वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उनकी पारी की मदद से इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 202/7 का बड़ा स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
इंग्लैंड ने जब 105 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया, तब जैक्स क्रीज पर आए। उन्होंने पारी के 16वें ओवर में बेन मानेंटी के खिलाफ 2 छक्के और एक चौका लगाया। कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 22 गेंदों पर 53 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने 3 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने सैम कर्रन (25) के साथ मिलकर 54 रन की साझेदारी की।
जैक्स ने टी-20 विश्व कप के इतिहस में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन और जोस बटलर का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि मोर्गन और बटलर ने 25-25 गेंदों में अर्धशतक लगाए थे। मोर्गन ने 2012 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पल्लेकेले में और बटलर ने 2021 में दुबई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये तेज अर्धशतकीय पारियां खेलीं थी।
जैक्स ने अब तक 36 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसकी 30 पारियों में 20.56 की औसत और 145.60 की स्ट्राइक रेट के साथ 514 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 8 विकेट लिए हैं। यह टी-20 क्रिकेट करियर में अब तक उनका 42वां अर्धशतक रहा। वह टी-20 क्रिकेट में 6,200 से अधिक रन बना चुके हैं।
इंग्लैंड ने टी-20 विश्व कप में अपना दूसरा दूसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। बता दें कि इंग्लिश टीम का इस टूर्नामेंट में सर्वोच्च स्कोर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ (230/8, वानखेड़े) 2016 में आया है।
००

