नईदिल्ली,17 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 28वें मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान राशिद खान ने यूएई क्रिकेट टीम के खिलाफ किफायती गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 1 विकेट चटकाया। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया। इस विकेट के साथ उनके टी-20 क्रिकेट में 700 विकेट पूरे हो गए। वह यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज हैं। राशिद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।
राशिद ने 2015 में अपने टी-20 करियर का आगाज किया था। वह अब तक 518 मैचों की 513 पारियों में 18.50 की औसत और 6.59 की इकॉनमी के साथ 700 विकेट चटका चुके हैं। वह 18 बार 4 विकेट और 4 बार 5 विकेट हॉल भी अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देकर 6 विकेट लेने का रहा है। वह 308 पारियों में 5 अर्धशतकों की मदद से 2,873 रन भी बना चुके हैं।
राशिद के 700 विकेट के आंकड़े के दुनिया का अन्य कोई गेंदबाज आस-पास भी नहीं हैं। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो 631 विकेट से बाद उनके सबसे नजदीकी खिलाड़ी हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के ही सुनील नरेल (613) 600 से अधिक विकेट लेने वाले एकमात्र अन्य गेंदबाज हैं। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के स्पिनर इमरान ताहिर चौथे पायदान पर हैं, जिन्होंने कुल 572 विकेट चटकाए हैं।
राशिद ने 2015 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 114 मैचों में 13.77 की औसत और 6.05 की इकॉनमी के साथ 191 विकेट चटका चुके हैं। वह 9 बार 4 विकेट और 2 बार 5 विकेट हॉल भी अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3 रन देकर 5 विकेट लेने का रहा है। वह 70 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 622 रन भी बना चुके हैं।
राशिद ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सहित दुनिया भर की कई टी-20 लीगों में हिस्सा लिया है। आईपीएल में प्रसिद्धि पाने वाले इस रिस्ट स्पिनर ने अब तक 136 आईपीएल मैचों में 23.83 की शानदार औसत से 158 विकेट अपने नाम किए हैं।
००

