रुद्रपुर,17 फरवरी (आरएनएस)। महाप्रबंधक (उद्योग) विपिन कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले के हथकरघा बुनकरों, हस्तशिल्पियों तथा लघु उद्यमियों को उनके द्वारा उत्पादित विशिष्ट उत्पादों की उत्कृष्टता के आधार पर ‘हथकरघा, हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग पुरस्कार’ दिया जाएगा। यह पुरस्कार जिला एवं राज्य स्तर दिया जाएगा। उत्कृष्ट बुनकरों, हस्तशिल्पियों एवं लघु उद्यमियों का चयन एक गठित समिति से होगा। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए वही बुनकर एवं हस्तशिल्पी पात्र होंगे, जो उद्योग निदेशालय, उत्तराखण्ड अथवा भारत सरकार के विकास आयुक्त (हथकरघा व हस्तशिल्प) के अधीन पंजीकृत हैं। उत्तराखण्ड राज्य में पंजीकृत हस्तकला व हथकरघा की निजी दस्तकार सहकारी समितियाँ तथा पंजीकृत अशासकीय संस्थानों से जुड़े हस्तशिल्पी एवं बुनकर भी पात्र होंगे। लघु उद्योग पुरस्कार के लिए शासन से उद्योग विभाग के तहत स्थायी रूप से स्थापित ऐसी लघु स्तरीय इकाइयां पात्र होंगी, जो विगत तीन वर्षों से निरंतर उत्पादनरत हों तथा जिनकी पिछले तीन वर्षों की ऑडिटेड बैलेंस शीट उपलब्ध हो। आवेदन पत्र दो प्रतियों में निर्धारित प्रपत्र पर 50 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट (जो महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र के पक्ष में देय हो) के साथ जमा करना होगा। आवेदन पत्र महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, रुद्रपुर तथा प्रभारी, राजकीय डिजाइन सेंटर, काशीपुर के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। पूर्ण आवेदन पत्र 25 फरवरी तक इन्हीं कार्यालयों में जमा किए जा सकते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

