करोड़ों रुपये की लागत से बनेंगी कई किलोमीटर सड़कें। विधायक राजेश शुक्ला ने जताया आभार
बिजावर 18 फरवरी (आरएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में छतरपुर जिले की बिजावर विधानसभा के लिए विकास के नए द्वार खुल गए हैं। क्षेत्र की काफी समय से लंबित महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को सरकार ने अपनी वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। करोड़ों रुपए की लागत से बनने जा रही इन कई किलोमीटर की सड़कों की मंजूरी मिलने पर बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बबलू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का आभार व्यक्त किया है। विधायक राजेश शुक्ला ने इसे क्षेत्र की जनता की लंबे समय से व्यक्त की जा रही भावनाओं का सम्मान बताया और कहा कि यह कदम बिजावर को विकास की मुख्यधारा से जोडऩे में मील का पत्थर साबित होगा।
बजट में मिली इस सौगात के तहत बिजावर से बड़ामलहरा वाया नयाताल मार्ग के चौड़ीकरण को हरी झंडी दी गई है, जिससे दो बड़े कस्बों के बीच आवागमन पहले से कहीं ज्यादा सुगम । इसके साथ ही, प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन केंद्र श्री जटाशंकर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बिजावर से जटाशंकर तक एक पूर्णत: नवीन सड़क के निर्माण की मंजूरी मिली है। पर्यटन की दृष्टि से यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जैतपुर से वर्धा तक की सड़क का भी कायाकल्प किया जाएगा, जहाँ चौड़ीकरण के साथ-साथ नवीन सड़क का निर्माण कार्य किया जाना है।
इन सड़कों के निर्माण से न केवल बिजावर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी नई ऊर्जा मिलेगी। विधायक राजेश शुक्ला बबलू का कहना है कि बेहतर सड़कों से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुँचाने में आसानी होगी और जटाशंकर धाम में पर्यटकों की संख्या बढऩे से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए इसी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे और जल्द ही इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कराया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

