धौंसवास के पास कार और स्कूटी में जोरदार भिड़ंत
रतलाम, आरएनएस, 18, फरवरी। रतलाम-मंदसौर फोरलेन पर बुधवार दोपहर नामली थाना क्षेत्र के धौंसवास गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी उछलकर फोरलेन के डिवाइडर के बीच जा गिरी, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के एंगल को तोड़ते हुए उसमें जा धंसी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
पीछे से मारी टक्कर, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में इंदौर निवासी एक परिवार सवार था, जो निंबाहेड़ा की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और उसने आगे चल रही स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
स्कूटी पर सवार थे तीन लोग
स्कूटी पर दो महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल है और मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज जारी है। उसकी हालत को देखते हुए वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है।
जेब से मिला पंचकूला का विजिटिंग कार्ड
मृतकों में से एक युवक की जेब से आरआर एंटरप्राइजेस, पंचकूला (हरियाणा) का एक विजिटिंग कार्ड मिला है। कार्ड पर देवेंद्र पंवार (25) नाम अंकित है और उस पर डीएमई/आरटीएम की सील भी लगी हुई है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मृतक रेलवे से संबंधित किसी निजी कंपनी में कार्यरत हो सकता है। हालांकि, अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है।
रतलाम पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही रतलाम जिले के नामली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। रतलाम पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

