अमरावती 19 Feb, (Rns): महाराष्ट्र के अमरावती जिले में दोपहर एक रूह कंपा देने वाली दुर्घटना सामने आई है। तेज रफ्तार के कहर ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति ने अपनी जान गंवा दी है।
बस ने ऑटो के उड़ाए परखच्चे
महाराष्ट्र के अमरावती जिले के वरूड–आष्टी मार्ग पर स्थित राजुरा बाजार इलाके में यह भीषण हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार से आ रही एक शिवाई बस ने सामने से आ रहे ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि ऑटो के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में ऑटो में सवार 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे में 7वीं की छात्रा की मौत
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अमरावती हादसे में जान गंवाने वालों में सातवीं कक्षा की एक छात्रा भी शामिल है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है और पुलिस बस चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
कैंटर ने राहगीर को कुचला
सड़क हादसों की एक अन्य दुखद घटना उत्तर प्रदेश के नोएडा से सामने आई है। थाना फेस-2 क्षेत्र में नोएडा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कैंटर ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के अनुसार, दिल्ली के बदरपुर निवासी 40 वर्षीय सोनी लाल को एक अज्ञात कैंटर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल सोनी लाल को फेलिक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

