नईदिल्ली,19 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 36वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ आक्रामक अर्धशतक (66) लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा और टी-20 विश्व कप में पहला अर्धशतक साबित हुआ। उनकी पारी की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 193/6 का स्कोर बनाया। आइए दुबे की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
भारत ने जब 69 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब दुबे क्रीज पर आए। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दुबे ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए डच गेंदबाजों की जमकर खबर ली। भारतीय ऑलराउंडर ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हार्दिक पांड्या (30) के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। वह 31 गेंदों में 4 चौकों और 6 छक्कों की बदौलत 66 रन बनाकर आउट हुए।
दुबे ने पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 59 मुकाबले खेले हैं और इसकी 44 पारियों में लगभग 30 की औसत के साथ 850 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 26.62 की औसत के साथ 29 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4 रन पर 3 विकेट लेना रहा।
००

