भिलाई 19 Feb, (Rns) । सिरसा गेट के पास गुरुवार दोपहर 2 बजे करीब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को पीछे से टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय अनीता दुबे और उनकी 2 साल की मासूम बेटी सोनम दुबे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पद्मनाभपुर निवासी राकेश दुबे अपनी बाइक (CG 07 CN 5190) से रायपुर से घर लौट रहे थे। उनके साथ पत्नी अनीता दुबे और बेटी सोनम भी सवार थीं। सिरसा गेट पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में अनीता दुबे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सोनम को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

