लाठी-रॉड से पीटकर उतारा मौत के घाट, शवों के बीच गुजारी पूरी रात*
*घर बना मौत का मैदान, बेटे ने पूरे परिवार को किया खत्म*
*पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे, इलाके में दहशत का माहौल*
बैतूल 19 Feb, (Rns) । बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सावंगा में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। 25 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी मां, पिता और छोटे भाई की लाठी और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
पूरी रात शवों के बीच बैठा रहा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, युवक ने देर रात घर के अंदर ही तीनों पर बेरहमी से हमला किया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी घर के अंदर ही शवों के पास बैठा रहा और दरवाजा बंद कर लिया।
सुबह जब ग्रामीणों को घर से संदिग्ध आहट सुनाई दी तो उन्होंने झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए—तीन शव पड़े थे और युवक पास ही बैठा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि मौत सिर और शरीर पर लाठी-रॉड से किए गए वार के कारण हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया है, हालांकि हत्या की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।
मानसिक बीमारी की चर्चा
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी युवक लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे मानसिक असंतुलन की क्या भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। गांव में घटना के बाद से दहशत और शोक का माहौल है।

