रायपुर, 19 फरवरी 2026 (आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी नॉर्थ जोन के निर्देश पर थाना उरला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। घटना उरला थाना क्षेत्र के सिंघानिया चौक के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 19 फरवरी को गश्त के दौरान टीम ने एक युवक को हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए आम लोगों को आतंकित करते देखा। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी की पहचान रोनित पंडित पिता राजकुमार पंडित, उम्र 21 वर्ष, निवासी बजरंग नगर तुलसी चाईस सेंटर बीरगांव, थाना उरला रायपुर के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी की हरकत से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, हालांकि समय रहते पुलिस की कार्रवाई से स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
आरोपी के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 52/26 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

