नईदिल्ली,20 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 38वें मैच में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराया। कोलंबो स्टेडियम में हुए मैच में श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 178/7 का स्कोर बनाया, जिसमें पथुम निसांका का अर्धशतक (62) शामिल रहा। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम ने आखिरी ओवर के दौरान लक्ष्य हासिल किया। यह मौजूदा टूर्नामेंट में श्रीलंका की पहली शिकस्त साबित हुई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
श्रीलंका से पारी की शुरुआत करने आए निसांका ने अर्धशतक लगाया। उनके अलावा पवन रथनायके ने 25 गेंदों में 44 रन की पारी खेली और मेजबान टीम ने अच्छा स्कोर बनाया। जवाब में तदिवानाशे मारुमानी (34) और ब्रायन बेनेट ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद कप्तान सिकंदर रजा ने 45 रन की आक्रामक पारी खेली। अंत में बेनेट ने नाबाद अर्धशतक (63*) लगाते हुए जीत दिलाई।
निसांका ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 19वां अर्धशतक लगाया। वह 41 गेंदों में 62 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 8 चौके लगाए। अपनी इस पारी के दौरान वह श्रीलंका की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने कुसल मेंडिस (2,607) को पीछे छोड़ा। उनके अब 88 मैचों में 32.14 की औसत के साथ 2,636 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक भी लगाए हैं।
जिम्बाब्वे से पारी की शुरुआत करने आए ब्रायन बेनेट ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां अर्धशतक 41 गेंदों में पूरा किया। वह 48 गेंदों में 63 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने मारुमानी (34) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। इसके अलावा उन्होंने रजा के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। रजा 26 गेंदों में 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 45 रन की तेज पारी खेलकर आउट हुए।
टी-20 विश्व कप 2026 में अब तक जिम्बाब्वे की टीम अजेय बनी हुई है। रजा के नेतृत्व वाली इस टीम ने अपने 3 मैच जीते और एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। जिम्बाब्वे ने ग्रुप-क्च में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में प्रवेश किया। श्रीलंका की यह पहली हार है। दासुन शनाका की कप्तानी वाली टीम ने अपने 3 मैच जीते और एक में शिकस्त झेली। श्रीलंका भी पहली ही सुपर-8 में प्रवेश कर चुकी है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

