कोरबा, 21 फरवरी (आरएनएस)। जिले में अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सजग कोरबा – सतर्क कोरबा अभियान के तहत व्यापक पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी परिसरों में सर्राफा व्यापारियों, गोल्ड लोन संचालकों और पेट्रोल पंप संचालकों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं।
इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संपत्ति संबंधी अपराधों जैसे लूट, चोरी और ठगी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
सर्राफा व्यवसायियों को दुकान में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और कम से कम 30 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखने के लिए कहा गया। साथ ही कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने और प्रत्येक लेन-देन का रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने पर भी जोर दिया गया।
गोल्ड लोन संचालकों को ऋण स्वीकृति से पहले ग्राहकों की पहचान का सत्यापन करने, गिरवी रखे गए आभूषणों का पूरा विवरण और फोटो सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध मामलों की तुरंत सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सुरक्षा के लिए अलार्म सिस्टम और सीसीटीवी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पेट्रोल पंप संचालकों को परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कार्यशील सीसीटीवी कैमरे और रात्रिकालीन समय में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक नकदी जमा होने पर उसे समय-समय पर बैंक में जमा करने और संदिग्ध वाहनों या व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शामिल व्यापारियों और संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
कोरबा पुलिस ने जिले के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। अभियान के तहत लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

