रायपुर 21 फरवरी 2026 (आरएनएस) राजधानी के पश्चिमी इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरब्रिज के नीचे चल रही गांजा सप्लाई की साजिश का पर्दाफाश कर दिया। रायपुर पुलिस की मुजगहन थाना टीम ने नया धमतरी रोड, धनेली स्थित ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर महाराष्ट्र से आए दो अंतरराज्यीय आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 21.206 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख 60 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 20 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल ने तत्काल तस्दीक कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मुजगहन थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्धों को घेरकर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गणेश भाउराव जाधव (45) निवासी पांदुर्ण, थाना आरणी, जिला यवतमाल (महाराष्ट्र) और नरेश नाथनी मुदी (54) निवासी वैद्य बाड़ी झोपड़पट्टी, जेसल मेलोड़ी, जदल तक्का, थाना पनवेल, रायगढ़ (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग और थैले से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 42/26 के तहत Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act की धारा 20बी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है, ताकि सप्लाई चेन के हर सिरे तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा सके।
राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ जारी इस सख्त अभियान ने साफ कर दिया है कि रायपुर पुलिस की नजर अब शहर में नशे के कारोबार पर गहराई से टिकी हुई है, और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

