दुर्ग , 21 फरवरी (आरएनएस)। पुलिस द्वारा पुलिस बल के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में योग एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र में बिहार स्कूल ऑफ योगा, मुंगेर के अध्यक्ष स्वामी शिवध्यानम सरस्वती ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी शिवध्यानम सरस्वती ने पुलिस ड्यूटी के दौरान उत्पन्न होने वाले मानसिक दबाव को संतुलित करने के उपाय बताए और नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है।

सत्र में लगभग 100 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए, जिन्होंने व्यावहारिक रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान दैनिक दिनचर्या में अनुशासन बनाए रखने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) चंद्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, उप निरीक्षक संजय देवांगन सहित लाइन स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने अपने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपील की है कि वे नियमित रूप से योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, ताकि वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त रहकर अपने कर्तव्यों का बेहतर निर्वहन कर सकें।
००००

