नईदिल्ली,21 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 40वें मैच में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने ओमान क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराया। पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में ओमान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 104 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 10वें ओवर के दौरान आसानी से लक्ष्य हासिल किया। सुपर-8 की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम का यह आखिरी मुकाबला था, जिसमें उन्होंने जीत दर्ज की।
ओमान के सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम मैच की पहली ही गेंद पर आउट हुए। खराब शुरुआत के बाद कप्तान जतिंदर सिंह (17), करण सोनावाले (12) और हम्माद मिर्जा (16) भी जल्दी आउट हुए। लगातार गिर रहे विकेटों के बीच वसीम अली ने सर्वाधिक 32 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया से एडम जैम्पा ने 4 विकेट लिए। जवाब में मिचेल मार्श (64*) और ट्रेविस हेड (32) ने आसान जीत दिलाई।
जैम्पा अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं। इस ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने टूर्नामेंट के इतिहास में 25 मैच खेले हैं, जिसमें 13.84 की औसत और 6.52 की इकॉनमी रेट के साथ 44 विकेट लिए हैं। उन्होंने विकेटों के मामले में अफगानिस्तान के राशिद खान (43) को पीछे छोड़ा है। बता दें कि टी-20 विश्व कप इतिहास में जैम्पा से ज्यादा विकेट सिर्फ शाकिब अल हसन (50) ने लिए हैं।
जैम्पा ने टी-20 विश्व कप के चौथी बार 4 विकेट चटकाए। वह सर्वाधिक 4 विकेट हॉल वाले गेंदबाज बने हैं। उन्होंने शाकिब, सईद अजमल, राशिद और एनरिक नोर्खिया को पीछे छोड़ा है। इन गेंदबाजों ने 3-3 पारियों में 4 विकेट हॉल लिए थे।
मार्श ने ओमान की साधारण सी नजर आ रही गेंदबाजी की जमकर खबर ली और सिर्फ 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हेड के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की। हेड 19 गेंदों में 32 रन की पारी खेलकर आउट हुए। वह 33 गेंदों का सामना करते हुए 64 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के लगाए।
ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 विश्व कप इतिहास में 100+ रन का रिकॉर्ड रन चेज (संयुक्त रूप से) दर्ज किया। बता दें कि इंग्लैंड ने अमेरिका के खिलाफ 2024 में 9.4 ओवर में 116 रन का लक्ष्य हासिल किया था।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 में 2 मैच जीते और 2 में ही हार झेली। ग्रुप- बी में मौजूद रही कंगारू टीम सुपर-8 में जगह नहीं बना सकी और अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही। दूसरी तरफ ओमान की टीम ने अपने चारों मैचों में शिकस्त का सामना किया। इस ग्रुप से जिम्बाब्वे और श्रीलंका की टीमों ने सुपर-8 में प्रवेश किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

