अजमेर ,21 फरवरी (आरएनएस)। अजमेर के धोलाभाटा क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो चोरों को रंगे हाथ चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने कानून हाथ में लेते हुए दोनों आरोपियों को रस्सी से बांध दिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी। शनिवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दुकान में घुसते ही महिला ने मचाया शोर घटना शुक्रवार दोपहर की है। धोलाभाटा राधा कृष्ण मंदिर के पास रहने वाले ललित कुमार की घर में ही जनरल स्टोर की दुकान है।
चोरी का प्रयास : एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान में घुसने की कोशिश कर रहा था, जिसे ललित की पत्नी ने देख लिया।
पत्नी की सतर्कता : पत्नी के चिल्लाते ही चोर वहां से भाग निकला। शोर सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए।
फैक्ट्री के पास मोटर चुराते दबोचे गए
महिला के शोर मचाने के बाद भाग रहे चोरों का पीछा किया गया। कुछ ही दूरी पर स्थित भरोसा फैक्ट्री के पास दो संदिग्धों को मोटर चुराते हुए क्षेत्रवासियों ने दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा:
दोनों चोरों को रस्सी से बांधा गया।
भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई की, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
पुलिस के पहुंचने पर ही उन्हें रस्सी से मुक्त किया गया।
नशे में थे आरोपी, शांति भंग में गिरफ्तार
सूचना मिलते ही अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। थाना प्रभारी नरेंद्र जाखड़ ने बताया-पकड़े गए दोनों संदिग्ध नशे की हालत में थे। पुलिस ने उन्हें शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़त ललित कुमार की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कानून हाथ में न लेने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अपराधी को पकडऩे के बाद कानून हाथ में न लें और तुरंत नजदीकी थाने या 112 नंबर पर सूचना दें। भीड़ द्वारा मारपीट करना भी कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है।
00

