झालावाड़ ,21 फरवरी (आरएनएस)। झालावाड़ जिले के गंगधार थाना क्षेत्र में देर शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ। डग-चौमहला रोड पर एक तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक राजस्थान से मध्य प्रदेश की ओर जा रहे थे। आमने-सामने की टक्कर, उड़ गए परखच्चे
हादसा गंगधार थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव के पास शाम करीब 7:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो और बाइक दोनों ही तेज गति में थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
एक ही बाइक पर थे 4 लोग: नियमों को ताक पर रखकर एक ही बाइक पर चार लोग सवार थे, जो इस हादसे का शिकार बन गए।
मृतकों की पहचान: पुलिस को मृतकों के बैग से तीन आधार कार्ड मिले हैं, जिनसे उनकी पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के निवासियों के रूप में हुई है। इनमें राजपाल पुत्र परबत सिंह (झांगरिया गांव, सीतामऊ), जवाहरलाल पुत्र रामचंद्र (झांगरिया गांव, सीतामऊ), नरेश पुत्र कालूलाल (उदयपुर गांव)। चौथे मृतक के पास कोई दस्तावेज न मिलने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
डीएसपी हेमंत गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शवों को चौमहला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। थाना अधिकारी अमरनाथ योगी ने आधार कार्ड के आधार पर मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों के पहुँचने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम और अधिकृत पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सड़क सुरक्षा पर सवाल
हाईवे पर एक ही बाइक पर चार लोगों का सवार होना और वाहनों की अनियंत्रित गति ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी को उजागर किया है। पुलिस अब हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है कि गलती किस वाहन चालक की थी।
00

