रायपुर 21 फ़रवरी 2026(आरएनएस) रायपुर में आपसी विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया, जब छोटे भाई को समझाने पहुंचे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। मामला रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र का है, जहां रजबंधा तालाब पार इलाके में हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चंद घंटों के भीतर तीनों आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए।
प्रार्थी मोहम्मद वसीम ने थाना मौदहापारा में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 20 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने छोटे भाई जुनैद खान को समझाने सलीम खान के घर गया था। उसका भाई कई दिनों से घर नहीं आ रहा था और परिवार की किसी बात को नहीं मान रहा था। बातचीत के दौरान सलीम खान से कहासुनी शुरू हो गई। वसीम जब वहां से निकलने लगा तो उसे रोक लिया गया और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। आरोप है कि सलीम, फरहान और रेहान ने गाली-गलौज करते हुए पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 34/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 109, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आरोपियों की पतासाजी कर घटना के कुछ ही घंटों में रेहान उर्फ अस्सलान, सलीम खान और सीददीक फरहान को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तीनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा ऐसा कोई विवाद हिंसक रूप न ले सके।

