भोपाल,21 फरवरी (आरएनएस)। छोला मंदिर थाना क्षेत्र में 11वीं की एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले युवक की छात्रा के भाई और भाभी ने जमकर पिटाई कर दी। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। पिटाई के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय पीडि़ता छोला मंदिर थाना इलाके की निवासी है। आरोपी अनुराग दुबे उसका पूर्व परिचित है और वह लंबे समय से छात्रा को मैसेज कर परेशान कर रहा था। वह कॉल पर बात करने का दबाव बनाता था और स्कूल व कोचिंग जाते समय उसका पीछा करता था।
आरोपी द्वारा लगातार दबाव बनाए जाने से परेशान छात्रा ने अपने बड़े भाई और भाभी को पूरी जानकारी दी। इसी बीच आरोपी ने मिलने का दबाव बनाया।
भाई की सलाह पर छात्रा ने आरोपी को मिलने के लिए बुलाया। जब वह मौके पर पहुंचा तो छात्रा के भाई और भाभी ने उसकी सरेराह पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हालांकि पीडि़ता का परिवार औपचारिक एफआईआर दर्ज कराने के लिए तैयार नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।

