भोपाल,21 फरवरी (आरएनएस)।कसरावद विधायक एवं पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने विगत 17 फरवरी से प्रारंभ हुए विधानसभा सत्र में प्रदेश की जनता से जुड़े कई गंभीर एवं ज्वलंत मुद्दों को लेकर सरकार से तत्काल स्पष्ट जवाब एवं ठोस कार्रवाई की मांग की है।
विधायक सचिन यादव ने बताया कि प्रदेश में निर्मित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के बढ़ते प्रकरण, तथा लोक सेवा केन्द्रों के संचालन में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी ढंग से मिलना चाहिए, लेकिन जमीनी हकीकत इससे विपरीत है।
उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अस्पतालों में डॉक्टर, दवाइयों और आवश्यक संसाधनों की भारी कमी है, जिसका सीधा असर आम जनता के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। यादव ने स्टॉप डेम निर्माण की प्रगति, प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों व नागरिकों को दिए जाने वाले मुआवजे, तथा खराब सड़कों की मरम्मत हेतु स्वीकृत राशि के वास्तविक उपयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घोषणाएं तो बहुत की जाती हैं, लेकिन धरातल पर काम नजर नहीं आता।
विशेष रूप से उन्होंने इन्दौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में प्रदूषित जल से हुई जनहानि को अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ पीडि़त परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही विद्युत समस्याओं के निराकरण को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि बार-बार बिजली कटौती और खराब व्यवस्था से कृषि, उद्योग, व्यापार और आम जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
यादव ने सरकार से मांग की कि इन सभी जनहित के मुद्दों पर शीघ्र ठोस निर्णय लेकर प्रदेश की जनता को राहत प्रदान की जाए, अन्यथा कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।

