बॉलीवुड के लिए ये शुक्रवार बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक साबित नहीं हुआ। तापसी पन्नू की अस्सी, जिसे समीक्षकों से तो सराहना मिली, लेकिन दर्शकों को खींचने में ये फिल्म पहले दिन पूरी तरह विफल रही, वहीं युवाओं के बीच चर्चा बटोर रही मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी की दो दीवाने शहर में ने भी बॉक्स ऑफिस पर बेहद ठंडी शुरुआत की है। हालांकि, दो दीवाने शहर में की पहले दिन की कमाई ने अस्सी को पछाड़ दिया है।
सैकनिल्क के मुताबिक, अस्सी ने अपने पहले दिन देशभर में मात्र 1 करोड़ रुपये कमाए। ये आंकड़ा इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि इस साल आई यामी गौतम की महिला केंद्रित की छोटे बजट की फिल्म हक भी कमाई के मामले में इससे आगे रही। इसने भी 1.75 करोड़ रुपये बटोरे थे। मुल्क और थप्पड़ जैसी सफल फिल्मों के बाद निर्देशक अनुभव सिन्हा और तापसी इस बार अस्सी लेकर आए, जिसे तारीफ तो खूब मिली, लेकिन दर्शक नसीब नहीं हुए।
फिल्म समीक्षकों और ट्रेड पंडितों का स्पष्ट मानना है कि अस्सी जैसी गंभीर और विषय-प्रधान फिल्मों का भविष्य पूरी तरह से वर्ड ऑफ माउथ यानी दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया पर निर्भर करता है। पहले दिन की सुस्त शुरुआत के बाद फिल्म के पास संभलने के लिए अब केवल वीकेंड का ही सहारा है। अब अगर शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में बढिय़ा उछाल नहीं आता तो सोमवार से फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर टिक पाना नामुमकिन हो जाएगा।
उधर दो दीवाने शहर में ने पहले दिन 1.25 करोड़ रुपये कमाए। हालांकि, ये आंकड़ा बड़ा नहीं है, लेकिन तापसी की फिल्म अस्सी (1 करोड़) के मुकाबले ये फिल्म 25 लाख की बढ़त बनाने में कामयाब रही। फिल्म को युवाओं और मल्टीप्लेक्स दर्शकों का साथ मिला है। रवि उदयावर के निर्देशन वाली ये फिल्म मुंबई के 2 युवाओं की कहानी है, जो अपनी कमियों और अकेलेपन के बीच प्यार तलाशते हैं। शहरी युवाओं को इसकी कहानी खूब भा रही है।
दूसरी ओर शाहिद कपूर की फिल्म ओ रोमियो बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूती से बनाए हुए है। अपने दूसरे हफ्ते में होने के बावजूद ये नई रिलीज फिल्मों (अस्सी और दो दीवाने शहर में) पर भारी पड़ रही है। फिल्म ने अपने दूसरे शुक्रवार को लगभग 2.25 करोड़ रुपये कमाए। जहां दो दीवाने शहर में (1.25 करोड़) और अस्सी (1 करोड़) मिलकर भी 2.25 करोड़ ही कमा पाईं, वहीं ओ रोमियो ने अकेले इन दोनों के बराबर कमाई की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

