बलौदाबाजार, 22 फरवरी (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के पवित्र धार्मिक स्थल और गुरु घासीदास की जन्मस्थली गिरौदपुरी में आयोजित मेले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने गुरुगद्दी पर मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री के आगमन से मेले का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने होली पर्व को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि ड्राई डे को निरस्त नहीं किया जाएगा और यह पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान अनुशासन और नियमों का पालन करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखा गया। मेले के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक आयोजनों में भाग लिया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धर्म, संस्कृति और परंपराओं का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे त्योहारों को शांति और अनुशासन के साथ मनाएं। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि ड्राई डे के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी मेला न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि प्रदेश के पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए थे। पुलिस बल द्वारा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और सामूहिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के बीच गिरौदपुरी मेला इस वर्ष भी भव्य और सफल आयोजन के रूप में सामने आया।
0

