रायपुर 22 फरवरी 2026 (आरएनएस) राजधानी में अपराध के खिलाफ जारी सख्त अभियान के बीच नॉर्थ जोन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। उरला थाना क्षेत्र के सिंघानिया चौक के पास हाथ में धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले कुख्यात आरोपी संजय चौहान उर्फ संजय कुम्हार को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से न सिर्फ एक धारदार चाकू बरामद हुआ, बल्कि 5 चोरी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 22 फरवरी को गश्त के दौरान टीम ने आरोपी को संदिग्ध हालत में देखा। वह आम लोगों में दहशत फैलाते हुए चाकू चमका रहा था। तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से पांच मोबाइल फोन मिले। जब उनसे संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो आरोपी गोलमोल जवाब देने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि मोबाइल फोन चोरी के हैं और उन्हें बेचने की फिराक में था।
आरोपी की पहचान संजय चौहान उर्फ संजय कुम्हार (32 वर्ष), निवासी वाल्मिकी नगर बीएसयूपी कॉलोनी, थाना कबीर नगर रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। इस मामले में उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के साथ धारा 314 बीएनएस जोड़ी गई है। थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 77/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

