बैतूल 22 फरवरी (आरएनएस)।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बातÓ कार्यक्रम संवाद के साथ-साथ सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी और प्रेरणादायक माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री जी ने एआई समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि एआई पशुपालन और डेयरी प्रबंधन में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है। उन्होंने इस क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देने और तकनीकी विकास को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने भारतीय पांडुलिपियों और प्राचीन ज्ञान के संरक्षण में आधुनिक तकनीक की भूमिका को भी अत्यधिक महत्वपूर्ण बताते हुए अपनी ऐतिहासिक धरोहर को बचाने के लिए तकनीकी उपायों को अपनाने की बात की तथा होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए वोकल फॉंर लोकल अभियान को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने से न केवल आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ेंगे, बल्कि यह स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहित करेगा। प्रधानमंत्री जी ने बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों का हौंसला बढाया। प्रधानमंत्री जी के विचारों से देशवासियों में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती मिली है, जो राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक गौरव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद सुमित्रा वाल्मिकि, पूर्व विधायक शिवप्रसाद राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार और बडोरा मंडल अध्यक्ष नीतू पटेल भी उपस्थित रहे।

