जयसिंहपुर/सुल्तानपुर 23 फरवरी (आरएनएस )। कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 134.20 पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई। दोनों भाई लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े लोडेड ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि पीली पट्टी के भीतर खराब खड़ा ट्रक तिरपाल से ढका था। सारंगपुर गांव के पास बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमित गौड़ (30) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल शुभम गौड़ (23) को ईगल एंबुलेंस से सीएचसी बिरसिंहपुर ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक कानपुर जिले के केशवपुरम आवास विकास क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना पर पीआरबी व सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पंचायतनामा भर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

