कोंडागांव, 23 फरवरी (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में कोण्डागांव जिले के मेधावी विद्यार्थियों को एक्सपोजर विजिट हेतु रवाना किया गया। कोण्डागांव जिले के पीएमविद्यालयों के हायर सेकेण्डरी स्तर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं शिक्षको की 16 सदस्यीय टीम को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएमविद्यालयों के अंतर्गत संचालित पीएमविद्यालय के विद्यार्थियों को एक्सपोजर विजिट योजना के अंतर्गत आंध्रपदेश भ्रमण हेतु आज रवाना किया गया। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई तथा जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल द्वारा आज हरी झण्डी दिखाकर विद्यार्थियों को शुभकामनाओं सहित विदा किया गया। यह टीम भद्राचलम, विजयवाड़ा एवं सुलूरपेटा मार्ग से होकर श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र का शैक्षणिक भ्रमण करेगी। यहाँ विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट प्रक्षेपण प्रणाली एवं उपग्रह तकनीक के संबंध में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को निकटवर्ती पक्षी अभयारण्य (पुलिकट झील क्षेत्र) एवं समुद्र तट का भी भ्रमण कराया जाएगा, जिससे उन्हें प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय अध्ययन का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना तथा व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पीएमनोडल अधिकारी टुकेश शांडिल्य (ए.पी.सी.) एवं श्रीनिवास नायडू (ए.पी.सी.) द्वारा किया जा रहा है।
0

