ऋषिकेश 23 फरवरी (आरएनएस)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समाज सुधारक एवं पर्वतीय आंबेडकर के नाम से विख्यात स्व. मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया। वक्ताओं ने स्व. मुंशी हरिप्रसाद द्वारा किए गए समाज सुधार कार्यों का बखान किया। सोमवार को डोईवाला स्थित कांग्रेस के परवादून जिला कार्यालय में कार्यक्रम हुआ। जिसमें कार्यकर्ताओं ने समाज सुधारक स्व. मुंशी हरिप्रसाद टम्टा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा ने छुआछूत, भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। 1926 में शिल्पकार नाम को सरकारी मान्यता मिलना उनकी दूरदर्शी सोच और संघर्ष की ऐतिहासिक उपलब्धि रही। जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा ने वंचित और शोषित वर्गों को शिक्षा, सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए और स्वतंत्रता आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने उनके जीवन को सामाजिक न्याय, समान अवसर और मानव समानता का प्रेरक उदाहरण बताया। मौके पर डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश सचिव सागर मनवाल, उमेद बोरा, मोहित, स्वतंत्र बिष्ट, तेजपाल सिंह मोंटी, राहुल आर्य, रीता छेत्री, प्रवीण सैनी, मनोज नेगी, संदीप थापा, विमल गोला, साजिद अली, मनीष यादव, सुनील वर्मा आदि उपस्थित रहे।

