भोपाल 23 फरवरी (आरएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के छठवें दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस का जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के विधायकों ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ कई मुद्दों के लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में मोदी और ट्रंप का मुखौटा लगाकर आए भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील पर विरोध जताया।
विधानसभा परिसर के बाहर विपक्षी विधायकों ने प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मुखौटा पहनकर सांकेतिक नाटक भी किया। इसके अलावा कई विधायक हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को देश विरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा अमेरिकी दबाव और उद्योगपतियों के आगे झुककर काम कर रही है। सिंघार ने कहा कि, इस ट्रेड डील से देश के किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि, बीजेपी सरकारें सिर्फ अपने फायदे के फैसले ले रही हैं और किसानों और आम लोगों को हितों की अनदेखी कर रही हैं।
विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए उमंग सिंघार ने बिजली कंपनी और सरकार पर निशाना साधा। जब उनसे पत्रकारों ने पूछा- प्रदेश की कंपनियों कई शहरों में बचत और लाभ हो रहा है तो नेता प्रतिपक्ष ने कहा- इसका फायदा आम लोगों को नहीं मिल रहा है। सरकार सिर्फ बड़े उद्योगपतियों फायदा पहुंचा रही है। जनता परेशान हो रही। सरकार को तत्काल को तत्काल बिजली कंपनियों पर लगाम लगाना चाहिए। वहीं जबलपुर के शहपुरा में गिरे रेलवे ओवर ब्रिज को लेकर भी कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि ब्रिज की जांच रिपोर्ट और निर्माण एजेंसी पर पीडब्ल्यूडी मंत्री को तत्काल कार्रवाई करना चाहिए।

