भोपाल 23 फरवरी (आरएनएस)। भोपाल में इन दिनों फिल्मी हलचल तेज है। अरबाज खान के प्रोडक्शन हाउस की एक नई फिल्म की शूटिंग शहर में जारी है। फिल्म फिलहाल अनटाइटल्ड है और इसका नाम अभी तय नहीं किया गया है। फिल्म की शूटिंग 8 फरवरी से भोपाल में चल रही है और यह शेड्यूल 15 मार्च तक जारी रहेगा। टीम शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगातार शूट कर रही है।
फिल्म की ज्यादातर शूटिंग ओल्ड सिटी इलाके में हो रही है। इकबाल मैदान, इब्राहिमपुरा, चौक मार्केट, गुर्जरपुरा और कोहेफिजा क्षेत्र में यूनिट ने कई सीन फिल्माए हैं। इन इलाकों में शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी देखने को मिल रही है।
एक वीडियो में अरबाज खान इकबाल मैदान के पास शूटिंग के दौरान एक विंटेज कार में नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरे वीडियो में वे मोती मस्जिद के आसपास घूमते और सीन की तैयारी करते दिखाई दे रहे हैं।
शूटिंग के दौरान सुरक्षा और क्रू की हलचल के बीच स्थानीय लोग अपने मोबाइल में तस्वीरें और वीडियो कैद करते दिखे। जानकारी मुताबिक, फिल्म में अन्य कलाकार भी शामिल होंगे। कुछ कलाकारों के भोपाल आने की संभावना है, हालांकि आधिकारिक रूप से कास्ट का पूरा खुलासा अभी नहीं किया गया है।

