भोपाल 23 फरवरी (आरएनएस)। 24 फरवरी को भोपाल में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसान महाचौपाल होगी। इस महाचौपाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। राहुल गांधी दोपहर 1 बजे भोपाल पहुंचेंगे और दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े भोपाल में राहुल गांधी से पहले पहुंचेंगे। एआईसीसी की ओर से एमपी कांग्रेस को दी गई जानकारी के मुताबिक मल्लिकार्जुन खडग़े दोपहर करीब 12 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे निजी होटल में करीब डेढ़ घंटे रुकेंगे। संगठन प्रभारी संजय कामले मिनट टू मिनट प्रोग्राम अभी नहीं आया है, लेकिन ये तय है कि दोनों नेता करीब पौने दो बजे मंच पर पहुंचेंगे।
कांग्रेस ने राहुल-खडग़े की महाचौपाल के लिए लाल परेड ग्राउंड, जवाहर चौक की परमिशन मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने जवाहर चौक पर सभा की अनुमति दी है। जवाहर चौक पर दो बड़े डोम बनाए गए हैं।
पूर्व विधायक संजय यादव ने बताया कि जवाहर चौक पर बनाए गए मंच पर करीब ढाई सौ लोग बैठेंगे। मंच के सामने बड़ा डोम बनाया गया है। करीब 50 हजार लोग इस महाचौपाल में शामिल होंगे।
जवाहर चौक पर बने मंच पर मल्लिकार्जुन खडग़े, राहुल गांधी, जयराम रमेश, पवन खेड़ा के साथ ही कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, एमपी के कांग्रेस विधायक, राज्यसभा सांसद, पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के मेंबर, कांग्रेस के सभी 71 जिला अध्यक्ष बैठेंगे।

