नई दिल्ली,23 फरवरी (आरएनएस)। देश की राजधानी में उपद्रवी तत्वों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अब दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) और विधानसभा सचिवालय को निशाना बनाया है. सोमवार सुबह दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के निजी और आधिकारिक ईमेल आईडी पर खालिस्तानी संगठन के नाम से धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिसमें विधानसभा परिसर और अध्यक्ष को बम धमाके से उड़ाने की चेतावनी दी गई है. इस घटना के बाद सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है. सोमवार शाम को इस मामले को जांच के लिए पुलिस कमिश्नर को पत्र भी लिखा है.
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के सचिव विनीत कुमार की ओर से दिल्ली पुलिस कमिश्नर को इस बाबत एक औपचारिक पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है. पत्र में खुलासा किया गया है कि सोमवार, 23 फरवरी 2026 को सुबह दो अलग-अलग ईमेल प्राप्त हुए. पहला ईमेल सुबह 08:57 बजे अध्यक्ष के निजी ईमेल पर आया, जबकि दूसरा ईमेल सुबह 09:08 बजे विधानसभा सचिवालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ. इन ईमेल भेजने वालों ने खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया है. ईमेल में कुछ विशिष्ट नामों इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला, डॉ. गुरनिरवैर सिंह और खान राजाडा का उल्लेख किया गया है.
धमकी भरे पत्र की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पुलिस प्रशासन को इस मामले की गहराई से जांच करने और दोषियों को जल्द से जल्द ट्रैक करने के निर्देश दिए हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और साइबर सेल ने इन ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करना शुरू कर दिया है. शुरुआती जांच में यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है या किसी की शरारत, इस पर पुलिस अभी चुप्पी साधे हुए है.
धमकी मिलने के बाद सिविल लाइंस स्थित विधानसभा परिसर और अध्यक्ष के आवास की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. सचिवालय आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की बारीकी से निगरानी की जा रही है. इस तरह के ईमेल का उद्देश्य राजधानी की शांति भंग करना और संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों में भय पैदा करना है. फिलहाल, पुलिस उन ईमेल एड्रेस की कुंडली खंगाल रही है जिनसे ये संदेश भेजे गए थे.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

