सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 फरवरी (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां डोंगरीपाली थाना क्षेत्र में एक पड़ोसी ने घरेलू विवाद के चलते एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में एक मासूम बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह उस समय हुई जब परिवार के सदस्य अपने घर में सो रहे थे। आरोपी ने अचानक घर में घुसकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। हमला इतना घातक था कि तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी और पीडि़त परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
0

