रायपुर, 24 फरवरी (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए संकल्प थीम पर आधारित बजट पेश किया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत इस बजट के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह उनकी सरकार का तीसरा बजट है, जिसमें 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट को संकल्प की अवधारणा पर तैयार किया गया है, जिसमें समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, आजीविका और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे प्रमुख बिंदुओं को शामिल किया गया है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार मिशन मोड में काम कर रही है और इसी दिशा में पांच प्रमुख मुख्यमंत्री मिशन शुरू किए गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, एआई मिशन, पर्यटन विकास मिशन, स्टार्टअप मिशन और खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं। इन मिशनों के जरिए प्रदेश के समग्र विकास को गति देने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और आधारभूत संरचना के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
0

