भोपाल 25 फरवरी (आरएनएस)। भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर बुधवार को विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने विधानसभा भवन में पत्रकारों से चर्चा कर मेट्रोपोलिटन सिटी के मास्टर प्लान पर उन्होंने कहा कि – हमारा मास्टर प्लान तैयार है, उसके लिए हमारी पूरी योजना भी तैयार है। माननीय नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने इस संबंध में सारी जानकारी बताई है। मध्यप्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव जी ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर आदि हमारे महानगर हैं, उनके समग्र विकास की योजना तैयार की है। भोपाल, इंदौर तो हमारे मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में तैयार किए गए हैं। इसलिए जो मास्टर प्लान हम बना रहे हैं, उसमें मंडीदीप, सीहोर, विदिशा, राजगढ़, रायसेन आदि क्षेत्रों का भला कैसे हो, इसकी योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि – कुल मिलाकर हम भोपाल को महानगरीय रूप में विकसित करने की योजना बना रहे हैं। ऐसा महानगर जिसमें चारों तरफ से उद्योग लगे हों, रोजगार हों, मेडिकल हब हो, एजुकेशन हब हो और बाहर से आने वाले नागरिक को मेट्रो से लेकर तमाम मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

