हरिद्वार,25 फरवरी (आरएनएस)। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को उनके पिता हरि सिंह चिब ने केंद्र सरकार की साजिश बताया है। निजी यात्रा पर धर्मनगरी पहुंचे हरि सिंह चिब ने कहा कि सरकार नौजवानों, किसानों की आवाज़ दबाने के लिए राष्ट्रीय नेताओं को फंसा रही है। उदय भानु उस समय मौके पर नहीं थे तो गिरफ्तारी किसलिए की गई है। विरोध शांतिपूर्वक किया लेकिन पुलिस ने हाथापाई का भी मुकदमा दर्ज किया है। भाजपा के मंत्री, विधायकों ने कभी अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया तो उन्हें देशद्रोही नहीं कहा गया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जो किया वह सही था। उन्होंने कहा कि जो अपराध उदय भानु चिब ने नहीं किया उसमें उनको गिरफ्तार किया गया। हमें गर्व है कि उनकी गिरफ्तारी ने जनता की आवाज़ को देश-विदेश तक पहुंचाया। लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता है। केंद्र सरकार की अमेरिका के साथ समझौता देश के किसानों को बर्बाद कर देगा। अमेरिका भारत पर टैरिफ लगा सकता है लेकिन भारत अमेरिका पर टैक्स नहीं लगा सकता। देश उदय भानु के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता की आवाज़ को दबा नहीं सकती। यह साजिश के तहत जनता में डर और भ्रम पैदा करने के लिए किया जा रहा है। उदय भानु जेल से भी संघर्ष जारी रखेंगे। वह सरकार की गलत नीतियों के आगे नहीं झुकेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

