हरिद्वार,25 फरवरी (आरएनएस)। कनखल के सर्राफा बाजार में बुधवार तड़के सुनार की एक दुकान में आग लग गई। साथ ही सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद में घर के बाहर चार्जिंग पर खड़ी दो ई-रिक्शा आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई। पिछले 48 घंटों में चार दुकानों सहित चार वाहन जलकर खाक हो चुके है। बुधवार तड़के सुबह कनखल में अग्रवाल ज्वैलर्स की दुकान में आग लगने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर दुकान से काला धुआं उठाने लगा। इस दौरान लोगों ने दुकान में आग लगने की सूचना फायर टीम को दी। सूचना पर पहुंची फायर टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू किया। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि दुकान में रखा समान जलने से सर्राफ को नुकसान हुआ है। साथ ही मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि को रोशनाबाद में दो बैटरी रिक्शा आग की चपेट में आ गई। रिक्शा से लपटें उठने लगी। आग की लपटों ने पास में खड़ी मोटरसाइकिल को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान के अंदर तक पहुंच गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। वहीं, बीते मंगलवार को नगर कोतवाली क्षेत्र में विष्णु घाट चौक पर तीन जलपान की दुकानों में आग लग गई थी। मंगलवार को हाईवे पर एक ट्रक का केबिन आग लगने से जल गया। एसएफओ बीरबल सिंह का कहना है कि अधिकांश मामलों में प्रथमदृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। बिजली के अत्यधिक लोड के कारण आग का खतरा बढ़ जाता है। बताया कि बिजली के ओवरलोड से बचें। बिजली की तारों से ज्वलनशील पदार्थ दूर रखें और अग्निशमन यंत्र को पास रखें। तारों में स्पार्किंग होने पर तुरंत मरम्मत करवाएं। जरूरत न होने पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बंद करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

