रामानुजगंज, 25 फरवरी (आरएनएस)। नगर में स्थित अंतरराज्यीय बैरियर पर मंगलवार शाम भीषण जाम लगने से एम्बुलेंस, बारात की गाडिय़ां और सैकड़ों अन्य वाहन घंटों तक फंसे रहे। इससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बैरियर के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस को रास्ता नहीं मिल पा रहा था, वहीं विवाह समारोह में शामिल होने जा रही बारात की गाडिय़ां भी बीच रास्ते में अटक गईं। सूचना मिलते ही एसडीओपी बाजी लाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई और कड़ी मशक्कत के बाद घंटों में जाम खुलवाया, जिससे लोगों को राहत मिली। जांच नाकों की चेकिंग से बढ़ती समस्या स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराज्यीय बैरियर पर आरटीओ, खनिज, मंडी और वन उपज के जांच नाके संचालित हैं। अलग-अलग विभागों द्वारा वाहनों की जांच के नाम पर बार-बार रोकने से लंबा जाम लग जाता है। विशेषकर शाम के समय भारी वाहनों की संख्या बढऩे से स्थिति और गंभीर हो जाती है। अलग लेन की मांग नागरिकों ने प्रशासन से जांच प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने और अलग-अलग लेन की व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए अलग लेन सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके। फलहाल पुलिस की तत्परता से हालात नियंत्रित हो गए हैं, लेकिन बार-बार लगने वाले जाम से स्थायी राहत के लिए दीर्घकालिक समाधान की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
०

