भोपाल25 फरवरी (आरएनएस)। भीम नगर में 6 से ज्यादा नकाबपोश बदमाशों ने मंगलवार रात दो युवकों को बेहोश होने तक पीटा। चाकू-छुरी, पत्थर से मुंह-नाक को कुचल दिया। लात-घूंसों से भी मारा। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक घायलों में रावेंद्र सेन और सौरभ विश्वकर्मा शामिल हैं। 38 सेकंड के भीतर करीब 12-15 वार किए गए। हमला पुरानी रंजिश के चलते किए गया है। मारपीट करने का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, अक्कू उर्फ आकाश और विशाल चपटी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रावेंद्र सेन पर हमला किया। यह हमला एक पुराने केस में समझौता करने से मना करने पर गुस्से में किया गया। राघवेंद्र और उसके साथी को आरोपियों ने जमकर पीटा है।
राघवेंद्र के दोस्त सौरभ विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि वे हनुमान मंदिर के पास खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी अक्कू, विशाल और उनके साथियों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में राघवेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने की कोशिश में उसे भी गंभीर चोटें आईं।
आरोपी अक्कू और विशाल इलाके के जाने-माने क्रिमिनल हैं। उनके डर की वजह से आमतौर पर कोई शिकायत नहीं करता। हालांकि, राघवेंद्र ने उनके खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया है। बार-बार कहने पर भी राघवेंद्र ने केस वापस नहीं लिया।
इसके बाद आरोपियों ने दहशत फैलाने के इरादे से हमला कर दिया। आरोपी दिखाना चाहते थे कि उनके खिलाफ एक्शन लेने वालों का क्या होता है।
एडिशन डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि सौरभ और राघवेंद्र का अरोपियों से पूर्व से विवाद है। इसी रंजिश के चलते हमला किया गया है। दो नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

