राजनांदगांव 27 फरवरी 2026(आरएनएस) शहर में जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का है, जहां पुलिस को 20 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरीशंकर पेट्रोल पंप के पास सट्टे का लेन-देन हो रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर अरविंद रंगारी को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह सट्टा पट्टी और रकम अजय यादव और आदर्श जैन उर्फ अप्पी जैन को देता था।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 और 112 बीएनएस में मामला दर्ज कर अजय यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।
जांच आगे बढ़ी तो तीसरे आरोपी आदर्श जैन उर्फ अप्पी जैन, निवासी वार्ड नंबर 31 जनता कॉलोनी, को तलाश कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अरविंद रंगारी से सट्टा पट्टी और रकम अपने मोबाइल के जरिए प्राप्त करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें सट्टे से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
आदर्श जैन को 27 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि शहर में जुआ, सट्टा, नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

