कोरिया 30 मई (आरएनएस) सराफा बाजार की ज्वेलरी दुकान से दिनदहाड़े सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हुईं दो महिलाओं को कोरिया पुलिस ने ऐसा घेरा कि महज आधे घंटे के भीतर पूरा मामला खुल गया, दोनों आरोपी गिरफ्तार हो गईं और चोरी गया 100 प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया गया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने न केवल व्यापारियों को राहत दी बल्कि अपराधियों को भी साफ संदेश दे दिया कि अब तकनीक और सतर्क निगरानी से बच निकलना आसान नहीं है।
मामला बैकुण्ठपुर के सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान का है, जहां 28 मई 2026 को ग्राहक बनकर पहुंचीं दो महिलाओं ने मौका पाते ही करीब 62 हजार रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे ने मामले को गंभीरता से लिया और थाना बैकुण्ठपुर तथा साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डॉ. चौबे स्वयं घटनास्थल पहुंचे, निरीक्षण किया और टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान संदिग्ध महिलाओं की पहचान सुनिश्चित हुई और पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनके कब्जे से चोरी गए लगभग 62 हजार रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण पूरी तरह बरामद कर लिए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशबू सोनवानी (19 वर्ष) और सुनीता सोनवानी (35 वर्ष), दोनों निवासी केनापारा, जिला कोरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत धारा 305(अ) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि चोरी का खुलासा मात्र आधे घंटे में हुआ, दोनों आरोपी गिरफ्तार हुईं और चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया। बहरहाल, बैकुण्ठपुर पुलिस और साइबर सेल की यह संयुक्त कार्रवाई साबित करती है कि सतर्क पुलिसिंग, तकनीकी दक्षता और त्वरित निर्णय अपराधियों के हर दांव को नाकाम कर सकते हैं।


