बस्तर 30 मई (आरएनएस) हाथ में धारदार चाकू लेकर गांव में लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक की दबंगई बस्तर पुलिस के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया, उसके कब्जे से चाकू बरामद किया और आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से गांव में फैली दहशत का माहौल खत्म हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
मामला थाना करपावंड क्षेत्र के ग्राम चिउरगाव का है, जहां 29 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि संतोष कुमार मंडल पिता कमल किशोर मंडल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम चिउरगाव, थाना करपावंड, हाथ में धारदार चाकू लेकर गांव में घूम रहा है और आम लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग तथा एसडीओपी भानपुरी प्रवीण भारती के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा और उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया। जांच में आरोपी का कृत्य कानून के विरुद्ध पाए जाने पर उसके खिलाफ थाना करपावंड में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर 30 मई 2026 को जेल दाखिल किया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक हरिश्चंद्र निषाद, प्रधान आरक्षक रामनाथ भारती, घासीराम चंदेल तथा आरक्षक निरंजन महानदी और जयराम बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बहरहाल, बस्तर पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि कानून हाथ में लेने और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।

