राजनांदगांव 27 फरवरी 2026(आरएनएस) शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों से परेशान लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। थाना सिटी कोतवाली और पुलिस चौकी चिचोला की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के दूसरे आरोपी को महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले इस गिरोह का एक सदस्य पहले ही सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।
मामला उन छह मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं से जुड़ा है, जो अलग-अलग समय में कोतवाली और चिचोला क्षेत्र से अंजाम दी गई थीं। पतंजलि दुकान ओवरब्रिज के पास से ड्रिम योगा, भदौरिया चौक फ्लाईओवर के नीचे से सीबी साइन, कलेक्टर कार्यालय के पीछे से बुलेट क्लासिक 350 और जनता कॉलोनी लखोली से बुलेट स्टैंडर्ड 350 सहित कुल छह बाइक चोरी हुई थीं। इन वाहनों की कुल कीमत 2 लाख 6 हजार 759 रुपये आंकी गई थी। पीड़ितों की रिपोर्ट पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से पहले आरोपी संघर्ष सुभाष डोंगरे को पकड़ा गया। उसके कब्जे से सभी चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर 5 फरवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में उसने अपने गांव के साथी मिथुन गिरी रिघनार्थी के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस टीम ने गोंदिया जिले के आमगांव तहसील स्थित ग्राम कवड़ी में दबिश देकर 27 वर्षीय मिथुन गिरी रिघनार्थी को हिरासत में लिया और राजनांदगांव लाकर पूछताछ की। उसने भी अपने साथी के साथ चिचोला और राजनांदगांव आकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना कबूल कर लिया। 27 फरवरी 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मिथुन गिरी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में मोटरसाइकिल चोरी के 17 मामले तथा बलात्कार का एक प्रकरण दर्ज है, जिनमें चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम और साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में शामिल अधिकारियों और जवानों की भूमिका को सराहनीय बताया गया है।

