राजनांदगांव 27 फरवरी 2026(आरएनएस) पुरानी पारिवारिक रंजिश ने कोतवाली थाना क्षेत्र में हिंसक रूप ले लिया, जब रोजा खोलकर परिवार के साथ बैठे लोगों पर सात आरोपियों ने अचानक घर में घुसकर हमला कर दिया। लोहे के हथौड़े और डंडों से लैस हमलावरों ने जमकर मारपीट की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर संगीन धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना 26 फरवरी 2026 की रात करीब 7 बजे की है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनका परिवार रोजा खोल रहा था, तभी मुशर्रफ जोया पिता अशरफ जोया उम्र 25 वर्ष निवासी पठानपारा वार्ड नंबर 39 थाना कोतवाली राजनांदगांव, अब्बास जोया पिता अशरफ जोया उम्र 19 वर्ष निवासी पठानपारा वार्ड नंबर 39 राजनांदगांव, अनस जोया पिता मो. अशरफ जोया उम्र 22 वर्ष निवासी पठानपारा वार्ड नंबर 39 राजनांदगांव, अरशद कुरैशी पिता इश्माईल कुरैशी उम्र 25 वर्ष निवासी कसाईपारा वार्ड नंबर 28 राजनांदगांव, इस्लामुद्दीन पिता शिराजुद्दीन उम्र 43 वर्ष निवासी आजाद चौक राजनांदगांव, करीम बड़गुर्जर पिता कादिर बड़गुर्जर उम्र 24 वर्ष निवासी गौशाला पारा थाना बसंतपुर जिला राजनांदगांव तथा जावेद बड़गुर्जर पिता कुद्दूद्दीन बड़गुर्जर उम्र 50 वर्ष निवासी आजाद चौक वार्ड नंबर 37 राजनांदगांव अपने अन्य साथियों के साथ जबरन घर में घुस आए।
आरोप है कि सभी ने पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मोहम्मद मुस्ताक जोया पर हाथ-मुक्कों तथा लोहे की ठोस वस्तुओं से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। हमले में मुस्ताक जोया को आंख, कान, सिर, पीठ और छाती सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेड्री में भर्ती कराया गया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 129/26 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 191(2) एवं 331(5) के तहत प्रकरण कायम किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसी रात दबिश देकर सभी सातों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद 27 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में यह पूरी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

