चंडीगढ़ ,28 फरवरी (आरएनएस)। पंजाब के गुरदासपुर जिले के अधियां गांव में स्थित थाने में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिस जवानों के परिवारों से शनिवार को कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क और लालजीत सिंह भुल्लर मुलाकात करेंगे। वे शहीद परिवारों से मिलकर उनका दुख साझा करेंगे और उन्हें सांत्वना देंगे। बीते रविवार को अधियां गांव की पुलिस चौकी पर तैनात एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार शहीद हो गए थे। एएसआई गुरनाम सिंह गाड़रियां के रहने वाले थे, जबकि होमगार्ड अशोक कुमार अखलासपुर के थे। आज दोनों के परिवार से मिलने कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क और लालजीत सिंह भुल्लर उनके गांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीदों के परिवारों के लिए एक-एक करोड़ रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा कर दी थी। साथ ही सरकार ने पीडि़त परिवार को हरसंभव मदद मुहिया कराने का भरोसा भी जताया था।
अधियां गांव की पुलिस चौकी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। रविवार सुबह लगभग आठ बजे गांव के सरपंच कमलजीत सिंह जब चौकी पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एएसआई कुर्सी पर और होमगार्ड चारपाई पर रजाई ओढ़े मृत अवस्था में पड़े थे। शुरुआती जांच में पता चला कि एएसआई के सिर और होमगार्ड के सीने में गोली लगी थी। मौके से गोलियों के चार खोल बरामद हुए हैं। घटना के समय पोस्ट पर दोनों जवानों के अलावा कोई तीसरा मौजूद नहीं था।
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हुआ। उस पोस्टर में तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नामक संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया और सुरक्षा बलों को धमकी भी दी। पुलिस इस पूरी घटना की गहन जांच में जुटी हुई है।
बीते सोमवार को कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इसे संभावित आतंकी हमला मानते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी।
00

