बांदीकुई–जयपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा अमृतसर–जामनगर कॉरिडोर से प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को मिलेगी नई गति: रिजु झुनझुनवाला
अजमेर, 28 फ़रवरी (आरएनएस)। राजस्थान के प्रमुख टेक्सटाइल उद्योगपति रिजु झुनझुनवाला ने अजमेर की पावन धरा से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा ₹16,000 करोड़ से अधिक की बहुआयामी विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास को प्रदेश के विकास इतिहास का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पड़ाव बताया है। उन्होंने अजमेर सहित समूचे राजस्थान की जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह पहल दूरगामी प्रभाव डालेगी। बांदीकुई–जयपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा अमृतसर–जामनगर कॉरिडोर जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई दिशा और रफ्तार प्रदान करेंगे। इन परियोजनाओं से औद्योगिक परिवहन सुदृढ़ होगा, लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नोनेरा एवं परवन अकावाद पेयजल परियोजनाएँ प्रदेश में जल सुरक्षा को सशक्त आधार प्रदान करेंगी। वहीं राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण और सशक्तीकरण की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है। रोज़गार मेले के अंतर्गत 21,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रभावी पहल है। साथ ही, नवीकरणीय ऊर्जा ग्रिड के विस्तार से प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह समग्र दृष्टिकोण प्रधानमंत्री जी की राजस्थान के सर्वांगीण और संतुलित विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार वर्मा तथा अन्य गणमान्य मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेशहित में मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। अंत में उन्होंने अजमेर की जागरूक जनता के स्नेह और विश्वास के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर ‘विकसित भारत – विकसित राजस्थान’ के संकल्प को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।

